पत्थलगांव(दिपेश रोहिला)। विधायक निवास कार्यालय में आज मंगलवार को जीएसटी व "वोकल फॉर लोकल" विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर के व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में व्यापारियों को देश की अर्थव्यवस्था का आधार बताते हुए कहा कि व्यापारी इस देश की “रीढ़ की हड्डी” हैं। जिस तरह बिना रीढ़ के शरीर निष्क्रिय हो जाता है, उसी प्रकार व्यापारियों के बिना राष्ट्र के विकास की कल्पना अधूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हुआ है। इसमें व्यापारियों के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। आने वाले समय में भारत को "विश्व गुरु" बनाने का सपना भी इन्हीं के सहयोग से पूरा होगा। विधायक गोमती साय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी के स्लैब को घटाकर दो स्तर पर लाने से व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस सुधार को गांव-गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका फायदा उठा सकें।
बैठक में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि जीएसटी में मिली राहत को आमजनों तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव बैठकें आयोजित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था आज दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। यह उपलब्धि व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं के सहयोग से ही संभव हुई है। अनिल मित्तल ने व्यापारियों से छोटे-छोटे उद्योग स्थापित कर "स्वदेशी अपनाओ" के नारे को बुलंद करने का आह्वान किया।
वहीं चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि जीएसटी में बदलाव से व्यापारियों के साथ उपभोक्ताओं को भी राहत मिली है। इससे स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
मंच का संचालन अनिल मित्तल व पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने किया। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, प्रवीण अग्रवाल, राजेश बिरमा, महावीर भगवती, मधुसूदन गोयल, विकास मेडिकल, एमपी गारमेंट(आशीष अग्रवाल), विकास अग्रवाल, मोहित अग्रवाल (सीए), ऋषभ जिंदल,विजय इलेक्ट्रॉनिक, मुकेश सिंह, सुनील अग्रवाल, मुकेश बंसल(मोनू प्लाई), दिनेश अग्रवाल, पप्पल गोयल, कृष्ण सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। अंत में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने आभार प्रकट किया और कहा कि व्यापारी समाज व राजनीतिक नेतृत्व के संयुक्त प्रयासों से ही "वोकल फॉर लोकल" जैसे अभियान सफल होंगे और भारत आत्मनिर्भर बनेगा।












