फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी का झांसा, 2 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे..पढ़ें पूरी खबर..

फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी का झांसा, 2 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे..पढ़ें पूरी खबर..

Dipesh rohila
By -
0
कलेक्ट्रेट परिसर में वर्दी पहनकर करता था शिकार, बिलासपुर से दबोचा गया ठग, जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जशपुर(दिपेश रोहिला) । फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करना आरोपी को भारी पड़ गया। जशपुर पुलिस ने वर्दी पहनकर लोगों को झांसे में लेने वाले आरोपी पुन्नी लाल अनंत को बिलासपुर जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने दो महिलाओं को नौकरी का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी की थी।

कलेक्ट्रेट परिसर में रची ठगी की साजिश :

मामले का खुलासा तब हुआ जब 8 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया सीमा बाई (39 वर्ष), निवासी झरगांव, चौकी सोनक्यारी ने थाना सिटी कोतवाली जशपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त 2025 को कलेक्ट्रेट परिसर जशपुर में उनकी मुलाकात पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति से हुई, जिसने अपना नाम पुन्नी लाल अनंत बताया। आरोपी ने खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बताते हुए मत्स्य विभाग में नौकरी दिलाने का दावा किया।

वर्दी के भरोसे में आकर दिए 2 लाख :

वर्दी में होने के कारण प्रार्थिया आरोपी के झांसे में आ गई। कुछ दिनों बाद आरोपी ने फोन कर नौकरी पक्की होने की बात कही और चार लाख रुपये की मांग की। प्रार्थिया ने दो लाख रुपये दे दिए, जबकि शेष राशि बाद में लेने और ज्वाइनिंग लेटर देने का भरोसा दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने प्रार्थिया की भतीजी को भी डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके दस्तावेज भी अपने पास रख लिए और तीन लाख रुपये की मांग की।

फर्जीवाड़े का हुआ खुलासा, आरोपी फरार :

कुछ समय बाद प्रार्थिया को पता चला कि आरोपी कोई पुलिसकर्मी नहीं है, बल्कि फर्जी वर्दी पहनकर ठगी कर रहा है। शिकायत मिलते ही जशपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2), 318(4) के तहत मामला दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी फरार था।

बिलासपुर से दबोचा गया आरोपी :

जशपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर और टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन बिलासपुर जिले के थाना कोटा अंतर्गत ग्राम टाडा दर्रीकापा में मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर जशपुर लाया।

पूछताछ में किया अपराध स्वीकार :

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जशपुर में किराए के मकान में रहता था और खुद को सशस्त्र बल का जवान बताकर कलेक्ट्रेट परिसर में वर्दी पहनकर घूमता था। इसी दौरान उसने दो महिलाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर झांसे में लिया और एक महिला से दो लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिलाओं के मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

जेल भेजा गया आरोपी, पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका :

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी पुन्नी लाल अनंत को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार भगत एवं आरक्षक विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोतवाली क्षेत्र में फर्जी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है कार्यवाही जारी है–(वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शशि मोहन सिंह, जशपुर)

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)