पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पत्थलगांव द्वारा 109 प्रधान पाठकों का जनवरी 2026 का वेतन रोक दिए जाने के विरोध में सर्व शैक्षिक संगठन ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 17 फरवरी 2026 तक वेतन जारी नहीं किया गया तो 19 फरवरी 2026 को कार्यालयीन समय में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस संबंध में सर्व शैक्षिक संगठन, विकासखंड पत्थलगांव के प्रतिनिधिमंडल तथा प्रभावित प्रधान पाठकों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य से मुलाकात कर छात्रवृत्ति कार्य में आ रही व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने संवाद के माध्यम से समाधान निकालते हुए शीघ्र वेतन आहरण की मांग रखी।
इस मुलाकात के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने वेतन जारी करने का आश्वासन दिया था, किंतु आज पर्यन्त तक वेतन जारी नहीं होने से शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है। इसके चलते सर्व शैक्षिक संगठन के बैनर तले छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ, छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ एवं छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, विकासखंड पत्थलगांव ने संयुक्त रूप से लिखित अल्टीमेटम सौंपा है।
संगठनों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि तक वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति में 19 फरवरी को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पत्थलगांव के समक्ष शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी विधिवत सूचना जशपुर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी पत्थलगांव, जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी पत्थलगांव एवं थाना प्रभारी पत्थलगांव को प्रेषित कर दी गई है।



