जिले में अब तक 2 कुख्यात गांजा तस्करों के करोड़ों की संपत्ति को SAFEMA कोर्ट से एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने कराया फ्रिज
कुख्यात तस्कर रोहित यादव की 50 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति SAFEMA कोर्ट के आदेश पर फ्रीज
जशपुर/पत्थलगांव(दिपेश रोहिला)। जिले में नशे के कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने आदतन गांजा तस्कर रोहित यादव की अवैध संपत्ति को जब्त कर फ्रीज कर दिया है। चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम जामझोर निवासी कुख्यात तस्कर रोहित यादव की लगभग 50 लाख 64 हजार रुपए की संपत्ति SAFEMA कोर्ट (मुंबई) के आदेश पर फ्रीज कर दी गई है।
दरअसल रोहित यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। वर्ष 2013 में चौकी कोतबा पुलिस ने उसे 13 किलो गांजा के साथ पकड़ा था। 2017 में अंबिकापुर पुलिस ने उसके कब्जे से 23.630 किलो और वर्ष 2023 में 82 किलो गांजा बरामद किया था। वहीं 6 नवंबर 2021 को भी कोतबा पुलिस ने उसके पास से 20.570 किलो गांजा जप्त किया था। हर बार पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा, लेकिन उसने तस्करी का धंधा नहीं छोड़ा। पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित यादव महज खेती-किसानी का काम करता था, जबकि उसके नाम पर मकान, 1 स्विफ्ट डिजायर कार, 4 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी सहित कुल 50 लाख से अधिक की संपत्ति पाई गई। यह संपत्ति उसके वैध व्यवसाय से अर्जित होना संभव नहीं था, बल्कि गांजा तस्करी से कमाई गई थी।
SAFEMA कोर्ट का आदेश, पुलिस की सख्त कार्रवाई–
अतः मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा स्वापक औषधि तथा मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 68 के परिपालन में कुख्यात तस्कर रोहित यादव को चिन्हित कर उसके खिलाफ SAFEMA के तहत कार्यवाही के लिए जांच हेतु एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल को निर्देशित किया गया। जिनके द्वारा तस्कर रोहित यादव की घर संपत्ति, वाहन व उसके तथा उनके परिजनों के विभिन्न बैंकों में स्थित खातों की जांच की गई जो कि कुल संपत्ति 50 लाख रु से अधिक की निकली चूंकि तस्कर रोहित यादव खेती किसानी का ही कार्य करता था, जिससे कि उक्त संपत्ति अर्जित करना कठिन था। संभावना थी कि उक्त 50 लाख से अधिक कीमत की संपत्ति को गांजा तस्कर रोहित यादव के द्वारा तस्करी के माध्यम से अर्जित की गई थी।
रोहित यादव के खिलाफ उसकी अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति के सनपहरण हेतु एसडीओपी पत्थलगांव डॉ ध्रुवेश कुमार जायसवाल के द्वारा जांच कर रिपोर्ट सक्षम अधिकारी एवं प्रशासक (SAFEMA) कोर्ट मुंबई को प्रेषित किया गया था। जहां रोहित यादव को 2 बार अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया। पक्ष न रख पाने की स्थिति में कोर्ट ने संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया। विदित हो कि यह जशपुर पुलिस की जिले में दूसरी बड़ी कार्यवाही है। इससे पहले मार्च 2025 में थाना बागबहार क्षेत्र के हीराधर यादव की 1 करोड़ 38 लाख से अधिक की संपत्ति को SAFEMA कोर्ट के आदेश पर फ्रीज कराया गया था।
–जिले में अब तक 2 कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव व हीराधर यादव की संपत्ति को SAFEMA कोर्ट के माध्यम से फ्रिज कराया गया है,दोनो ही प्रकरणों में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल ने अत्यंत प्रोफेशनलिज्म का परिचय देते हुए, अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कुछ और गांजा तस्कर भी जशपुर पुलिस के निशाने पर हैं–(वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शशि मोहन सिंह, जशपुर)












.jpg)