पत्थलगांव में शार्ट सर्किट से भीषण आग, संदीप किराना एजेंसी का लाखों का माल जलकर खाक..पढ़ें पूरी खबर..

पत्थलगांव में शार्ट सर्किट से भीषण आग, संदीप किराना एजेंसी का लाखों का माल जलकर खाक..पढ़ें पूरी खबर..

Dipesh rohila
By -
0
तड़के धुएं के गुब्बारे ने दी अनहोनी की सूचना, कई जिलों की फायर ब्रिगेड पहुंची और स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ से 5 घंटे बाद पाया गया आग पर काबू
पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । शहर स्थित जशपुर रोड अस्पताल के सामने मौजूद संदीप किराना एजेंसी गोदाम में तड़के शार्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। यह घटना उस समय सामने आई जब तड़के सुबह स्थानीय नागरिकों ने 4 मंजिला इमारत से उठते धुएं के विशाल गुब्बारे को देखा। अनहोनी की आशंका को भांपते हुए नागरिकों ने तत्काल दुकान संचालक संदीप अग्रवाल को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही संदीप अग्रवाल मौके पर पहुंचे और जैसे ही शटर खोलने का प्रयास किया तो अंदर से उठते घने धुएं के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने बिना देर किए नगर पंचायत की जेसीबी की मदद से इमारत के पीछे की दीवार को तोड़ा, ताकि आग पर काबू पाया जा सके। दीवार टूटते ही गोदाम में भड़क चुकी आग की विकराल लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आसपास के घरों से पाइपलाइन के जरिए लोगों ने पानी का छिड़काव शुरू किया गया। साथ ही रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। कुछ ही घंटों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब आग बुझाने के दौरान पत्थलगांव नगर पंचायत की जेसीबी दुकान के भीतर फंस गई। जेसीबी चालक आग की लपटों और धुएं के कारण बेहोश होने की स्थिति में आ गए। ऐसे संकटपूर्ण समय में स्थानीय युवाओं, पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत पांडेय की टीम और मौजूद नागरिकों ने अद्भुत सूझबूझ का परिचय दिया। “श्रीराम” के जयघोष के साथ चैन की मदद से जेसीबी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक अनिल को मोटरसाइकिल का हेलमेट पहनाकर जेसीबी का संचालन करवाया गया। 

जिसके बाद शटर तोड़कर भीतर पानी का छिड़काव किया गया।करीब 5 से 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक संदीप किराना एजेंसी में रखा लाखों रुपए का किराना सामान जलकर खाक हो चुका था। अंदर रखे तेल के टीन फटने से आग और भी विकराल हो गई, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो घटनास्थल पर तेल की नदियां बह रही हों।
इस पूरे अभियान में स्थानीय प्रशासन, नगर पंचायत सीएमओ जावेद खान, थाना प्रभारी विनीत पांडेय, फायर ब्रिगेड कर्मी, नगर पंचायत कर्मचारी और स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर सराहनीय कार्य किया। उनकी तत्परता, साहस और सामूहिक प्रयास से एक बड़ी जनहानि टल सकी। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संकट की घड़ी में प्रशासन और जनता की एकता ही सबसे बड़ी ताकत होती है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)