पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय ने शनिवार को पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोतबा से पत्थलगांव में नवनिर्मित प्रेस क्लब भवन का विधिवत शुभारंभ किया। यह अवसर न केवल पत्थलगांव बल्कि पूरे जिले के पत्रकारों के लिए ऐतिहासिक रहा, जब लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को एक सशक्त और स्थायी मंच प्रदान किया गया। नगर पंचायत कोतबा के हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने जिले को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर जहां अनेक विकास कार्यों की नींव रखी गई, तो उन्होंने वहीं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। इसी कड़ी में प्रेस क्लब पत्थलगांव भवन का लोकार्पण किया, जिसका पत्रकार समुदाय लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहा था।
प्रेस क्लब भवन का निर्माण शासन की "लोकतंत्र के चौथे स्तंभ"–
पत्रकारिता के संरक्षण एवं संवर्धन योजना के तहत यह भवन करीब 25 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन पत्रकारों के लिए विचार-विमर्श, संवाद और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का केंद्र बनेगा। यह भवन पत्रकारों की कार्यशैली को और अधिक व्यवस्थित, स्वतंत्र और जिम्मेदार बनाने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गोमती साय की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया।
इस अवसर पर अध्यक्ष विजय त्रिपाठी, हरगोविंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार चेतवानी, अतुल त्रिपाठी, नीरज गुप्ता, सचिव राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल समेत अन्य पत्रकार शामिल थे।
प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि यह शासन और पत्रकारों के बीच विश्वास, संवाद और पारदर्शिता का प्रतीक है। क्षेत्रवासियों में इससे यह संदेश गया है कि पत्रकार समाज की आवाज़ हैं और शासन उनके सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल निश्चित ही लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।


.jpg)