जशपुर(दिपेश रोहिला) । जशपुर जिले में पुलिस प्रशासन को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह (IPS) ने जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है। वे जशपुर जिले के 22वें पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा दिनांक 22 जनवरी 2026 को भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों की नवीन स्थानांतरण सूची जारी की गई थी। उक्त आदेश के अनुपालन में 25 जनवरी 2026 को डॉ. लाल उमेद सिंह ने जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक का कार्यभार औपचारिक रूप से संभाला।
पदभार ग्रहण के पश्चात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों की सुरक्षा तथा पुलिस-जन संवाद को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी।
आपको बता दें कि डॉ. लाल उमेद सिंह इससे पूर्व रायपुर जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे, जहां उनके कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक अनुशासन, अपराध नियंत्रण और आधुनिक पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए। वे वर्ष 2011 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी हैं और अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित एवं संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।






