छत्तीसगढ़ में किसानों की असली होली: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खातों में डाली 10324 करोड़ की बोनस राशि
पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । होली से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 25 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में धान बोनस की 10 हजार 324 करोड़ रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर कर दी है। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद प्रदेशभर में किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और गांव-गांव में उत्साह का माहौल है।
इसी क्रम में पत्थलगांव विधानसभा के किसानों के बीच जश्न का माहौल देखा गया। जहां 13,027 किसानों के खातों में 89 करोड़ 13 लाख रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। इस अवसर पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्या. के प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दर्जनों किसानों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं उपस्थित भाजपा नेताओं ने इस ऐतिहासिक अवसर को किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया, कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के तौर पर मौजूद राज्य अंतव्यवसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा ने कहा कि कृषक उन्नति योजना किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। 25 लाख से अधिक किसानों को 10,324 करोड़ रुपए की राशि मिलना अपने आप में रिकॉर्ड है, यह केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि किसानों के परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर यह सौगात किसानों के लिए दोहरी खुशी लेकर आई है। अब किसान न केवल अपने परिवार के साथ त्योहार मना पाएंगे बल्कि आगामी फसल की तैयारी भी बेहतर ढंग से कर सकेंगे। कई किसान बोनस की राशि से कृषि उपकरण खरीदेंगे, कर्ज चुकाएंगे और बच्चों की शिक्षा में निवेश करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि जिस प्रकार 1947 में भारत देश आजाद हुआ उसी तरह 2047 तक हमें देश को विकसित राष्ट्र बनाना है जिसमें किसानों का अमूल्य योगदान होगा। राष्ट्र में यदि एक क्षेत्र का ही विकास हुआ तो विकास असंभव है। दूसरे देशों से आयात कम और निर्यात अधिक हो तभी राष्ट्र संपन्न होगा।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है और यह बोनस केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि किसानों के परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जो वादा किया था उसे निभाया है। किसानों के खाते में सीधे राशि ट्रांसफर कर पारदर्शिता और जवाबदेही का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले किसान बोनस के लिए भटकते थे, लेकिन अब तकनीक के माध्यम से सीधे उनके खातों में पैसा पहुंच रहा है। यह डबल इंजन सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि 89 करोड़ 13 लाख रुपए की राशि का पत्थलगांव के किसानों के खातों में पहुंचना क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम है। होली के इस पावन अवसर पर किसानों को मिली यह सौगात उनके आत्मविश्वास को भी नई ऊंचाई देगी।
इसी क्रम में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्या अध्यक्ष रूपसिंह राठिया ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ किसान हितैषी नीतियों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है यहां की 80% आबादी कृषि पर आधारित है, धान बोनस की राशि का समय पर भुगतान यह दर्शाता है कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों की असली होली अब मनेगी क्योंकि उनके खातों में सीधे राशि पहुंच चुकी है। यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और गांवों में समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाएं और सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, भाजपा ग्रामीण मंडल प्रभारी हरजीत भाटिया, मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष भुनेश्वरी बेहरा, जनपद अध्यक्ष धनियारो पहरा, उपाध्यक्ष फिलिस्फीना एक्का, बीडीसी सुरुचि पैंकरा, मंडल महामंत्री सुनील गर्ग, मंडल उपाध्यक्ष नरेश यादव, चमर साय एक्का, वीरेंद्र सिंह, यशोदा यादव, एसडीएम ऋतुराज बिसेन, तहसीलदार प्रांजल मिश्रा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जीवन एक्का, प्रबंधक विमलेश अंबष्ट, धनु यादव समेत भारी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं किसान मौजूद रहे।


