केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में 9वीं बार पेश किया बजट, पत्थलगांव के जनपद सभागार में नागरिकों ने LIVE देखा और सुना बजट भाषण : आम जनता के चेहरों पर छाई मुस्कान, लोगों ने कहा – युवा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत का बजट..पढ़ें पूरी खबर..

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में 9वीं बार पेश किया बजट, पत्थलगांव के जनपद सभागार में नागरिकों ने LIVE देखा और सुना बजट भाषण : आम जनता के चेहरों पर छाई मुस्कान, लोगों ने कहा – युवा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत का बजट..पढ़ें पूरी खबर..

Dipesh rohila
By -
0
गरीबी उन्मूलन, तेज विकास और वैश्विक जुड़ाव का रोडमैप
जशपुर/पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आज पहली बार रविवार को देश का केंद्रीय बजट पेश किया। आपको बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा यह बजट 9वीं बार पेश किया गया। इस दौरान उन्होंने सरकार की अनुमानित आय एवं खर्च का संपूर्ण ब्यौरा सदन के सामने रखा। इस बजट भाषण को ध्यान में रखते हुए पत्थलगांव भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद पंचायत के सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों के लिए लाइव टेलीकास्ट बजट भाषण को सुनने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।जिसमें प्रभारी के रूप में जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल,भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, नगर पालिका उपाध्यक्ष अजय बंसल, रूपसिंग राठिया, रामावतार अग्रवाल, संजय लोहिया, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा, पार्षद श्यामणरायण गुप्ता, महेश गुप्ता, महिला मोर्चा जिला महामंत्री भुनेश्वरी बेहरा, सलमी निकुंज, भारती शर्मा, दामोदर शर्मा सहित अन्य व्यापारीगण एवं नागरिक उपस्थित रहे।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में अनेकों क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए इस बजट को तीन कर्तव्यों से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट सरकार की सोची-समझी नीति का परिणाम है, जिसका लक्ष्य देश का समग्र विकास, परिवारों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादकता बढ़ाना और गरीब कल्याण को मजबूती देना है। वित्त मंत्री के अनुसार यह बजट गरीबी दूर करने वाला और देश की युवा शक्ति को आगे बढ़ाने वाला है।

7% विकास दर, रफ्तार बनाए रखने का संकल्प–

वित्त मंत्री ने बताया कि भारत ने 7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है और सरकार का लक्ष्य इसे लगातार बनाए रखना है। वैश्विक नीतियों में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच भारत को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया है। आयात घटाने और निर्यात बढ़ाने की रणनीति के तहत देश को दुनिया के बाजारों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम उठाए गए हैं।
युवा, उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग पर जोर–

इस बजट को युवा शक्ति संचालन का बजट बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने 350 से अधिक सुधारों की शुरुआत की है। सेमिकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये,बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये,जैविक दवाओं के निर्माण को बढ़ावा,MSME सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये,देश के विभिन्न क्षेत्रों में मैन्युफैक्चरिंग हब, खनिज कॉरिडोर और केमिकल पार्क बनाए जाएंगे। 15000 सेकेंडरी स्कूल एवं 500 कॉलेज खोले जाएंगे। पुराने औद्योगिक क्षेत्रों को पुनर्जीवित करने के साथ महात्मा गांधी हैंडलूम योजना की शुरुआत की गई है, जिससे देशी कपड़ा उद्योग को नई गति मिलेगी। कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और गरीब कल्याण, बजट में कृषि क्षेत्र की उत्पादकता बढ़ाने और छोटे किसानों की आय में इजाफा करने पर विशेष फोकस किया गया है। डेयरी, पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा,500 अमृत जलाशय मत्स्य पालन के लिए,नारियल किसानों के लिए नई योजना, पशुपालन के लिए आसान ऋण व्यवस्था, सरकार का दावा है कि इन प्रयासों से 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आएंगे।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को नई ताकत–

देश के विकास को गति देने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर पर 12.20 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, जिनमें दिल्ली–वाराणसी सहित अन्य कॉरिडोर शामिल हैं, 5 वर्षों में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग, वाराणसी और पटना में जहाज मरम्मत केंद्र, नए डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, कंटेनर निर्माण के लिए 10 हजार करोड़ रुपये, छोटी कंपनियों से सीधे सरकारी खरीद को बढ़ावा देने और शहरी आर्थिक क्षेत्रों के लिए 5 हजार करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है।
पर्यावरण, ग्रीन एनर्जी और पूर्वोत्तर पर फोकस–

पर्यावरण संरक्षण के लिए 20 हजार करोड़ रुपये कार्बन कैप्चर पर खर्च किए जाएंगे। दुर्लभ पृथ्वी धातुओं वाले क्षेत्रों को समर्थन, सोलर, CNG और बायोगैस से जुड़ी चीजें सस्ती,
नॉर्थ ईस्ट में 4 हजार ई-बसें, पूर्वोत्तर राज्यों में 5 पर्यटन केंद्र और बौद्ध सर्किट, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने कहा 3 नए AIIMS, 5 मेडिकल हब, 5 क्षेत्रीय मेडिकल कॉलेज, 3 नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, कैंसर सहित 17 जीवनरक्षक दवाएं सस्ती होंगी। हर जिले में महिला छात्रावास, छात्राओं के लिए हॉस्टल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को वित्तीय मदद और दिव्यांगों के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण व दिव्यांग सहारा योजना की शुरुआत की गई है।
पर्यटन, संस्कृति और विरासत का संरक्षण–

बजट में 200 विरासत स्थलों के कायाकल्प, 15 पुरातात्विक स्थलों के विकास और पर्यटन को रोजगार से जोड़ने की योजना है। 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 10 हजार गाइड और उनके लिए ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे।

टैक्स सुधार: आम करदाता को राहत–

1 अप्रैल 2026 से नया टैक्स एक्ट ITR भरना आसान, समयसीमा में बदलाव, विदेशी टूर पैकेज पर TCS घटकर 5%, छोटे करदाताओं को राहत जिससे केंद्र को 28.7 लाख करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है। साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा और भी अनेकों विषयों पर संसद के सामनों बजट पेश किया गया।
वहीं जशपुर भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने बताया कि यह बजट युवा, गरीब, किसान, महिला और उद्योग सभी को साथ लेकर चलने वाला बजट है, जो आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के सपने को ठोस आधार प्रदान करता है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी का 9वां बजट एक मजबूत और संतुलित भारत की तस्वीर पेश करता है। यह बजट विकास के साथ विश्वास को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा किसानों की आय बढ़ाने के ठोस उपाय इसमें शामिल हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नए अवसर खोले गए हैं और युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया है साथ साथ गरीब कल्याण योजनाओं को और प्रभावी बनाया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश से गांव और शहर दोनों को लाभ होगा एवं टैक्स सुधारों से ईमानदार करदाताओं को राहत मिलेगी। हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान भविष्य की सोच दिखाता है। तकनीक और नवाचार को प्रोत्साहन देकर भारत को ग्लोबल बनाया जा रहा है। राज्यों के सहयोग से संघीय ढांचे को मजबूत किया गया है। आगे उन्होंने कहा यह बजट समावेशी विकास का सशक्त उदाहरण है। कठिन वैश्विक परिस्थितियों में भी यह बजट भरोसा जगाता है। भाजपा की नीतियां देश को आत्मनिर्भर बना रही हैं।
इस मौके पर पत्थलगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने बताया कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करता है। साथ ही गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हितों को इसमें प्राथमिकता दी गई है एवं बुनियादी ढांचे पर बढ़ा हुआ निवेश रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
मध्यम वर्ग को राहत देकर उनकी मेहनत का सम्मान किया गया है। स्टार्टअप और एमएसएमई के लिए प्रोत्साहन से अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। वहीं कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और सिंचाई पर फोकस सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के लिए किए गए प्रावधान भविष्य की नींव हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से आम नागरिक को सीधा लाभ मिलेगा। डिजिटल इंडिया को आगे बढ़ाने के लिए यह बजट मील का पत्थर है। राजकोषीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास पर जोर दिया गया है। यह बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना को दर्शाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)