पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । छत्तीसगढ़ राज्य एवं पावर कंपनी के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ राज्य पावर कंपनी द्वारा पूरे प्रदेश में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को पत्थलगांव संभाग स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अग्रसेन भवन में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह, नपा उपाध्यक्ष अजय बंसल, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भुनेश्वरी बेहरा, भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष सुरेश साहू, पार्षद ममता यादव, पार्षद विमला बेक, पार्षद कविता नारंगे, सलमी निकुंज, शीला गुप्ता सहित विद्युत विभाग के एस.पी. मरकाम(एक्जीक्यूटिव इंजीनियर), अमृत बेक(जे.ई.), मनीष खत्री(असिस्टेंट इंजीनियर), दीपक प्रधान(असिस्टेंट इंजीनियर) एवं विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पहार से किया गया तथा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन व राजगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर 5 पीएम सूर्यघर योजना, 5 बीपीएल उपभोक्ताओं, नियमित बिल भुगतान करने वाले 5 हितग्राहियों एवं 5 कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्युत विभाग द्वारा एलईडी के माध्यम से पावर कंपनी की 25 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। जिसकी सराहन उपस्थित लोगों ने अपने मुक्तकंठ से की।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने कहा कि 100% विद्युतीकरण, 24x7 बिजली, कृषि फीडर, डिजिटल सेवाएँ और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए गए कार्य पावर कंपनी की विकास यात्रा को दर्शाते हैं।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने कहा कि भाजपा की विकासोन्मुख सोच और जनहितकारी नीतियों के मार्गदर्शन में पावर कंपनी ने आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की नींव मजबूत की है। यह 25 वर्ष सेवा, समर्पण और प्रगति का प्रतीक है। राज्य गठन के बाद सीमित संसाधनों से शुरू होकर आज कंपनी ने 24x7 बिजली आपूर्ति, शत-प्रतिशत विद्युतीकरण और मजबूत पारेषण-वितरण व्यवस्था स्थापित की है।
वहीं भाजपा पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि यह 25 वर्ष सेवा, समर्पण और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव का प्रतीक हैं। ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ अंचलों तक बिजली पहुँचाकर सामाजिक-आर्थिक विकास को गति दी गई। कृषि फीडर, उद्योगों को निर्बाध ऊर्जा, डिजिटल बिलिंग, ऑनलाइन सेवाएँ और ऊर्जा दक्षता जैसे नवाचारों ने उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ाया है।









