पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत की ऐतिहासिक जीत के साथ ही पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 159 रनों पर ही सिमट गई। जैसे ही भारत की जीत तय हुई तो क्षेत्र में खुशियों की लहर दौड़ गई।
इस ऐतिहासिक जीत से मैच खत्म होते ही युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहर के चौक-चौराहों पर लोग एकत्रित होने लगे और देखते ही देखते पूरा शहर जश्न के रंग में रंग गया। युवाओं ने ताबड़तोड़ आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा और हर तरफ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे गूंजने लगे।
शहर के मुख्य मार्गों पर युवाओं ने सामूहिक बाइक रैली निकाली, वहीं युवा तिरंगा झंडा लेकर सड़कों पर निकल पड़े। बाइक पर सवार युवाओं के हाथों में तिरंगा लहराता हुआ नजर आ रहा था और उनके चेहरों पर भारत की जीत की खुशी साफ झलक रही थी। जिसके बाद शहर के कई हिस्सों में लोगों ने मिठाइयां बांटकर भी खुशी साझा की।
रैली के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो गया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस जश्न में शामिल होते नजर आए। कई स्थानों पर लोगों ने भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए डीजे पर थिरकते दिखे। युवाओं का कहना था कि यह जीत देश के लिए गर्व का पल है और इसे यादगार बनाने के लिए वे सड़कों पर उतरकर खुशी मना रहे हैं।
जश्न के दौरान शहर के मंडी प्रांगण में लगे प्रोजेक्टर के सामने भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी, साथ ही बस स्टैंड एवं अन्य जगहों पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। यहां युवाओं ने जमकर नृत्य किया। आतिशबाजी से पूरा आसमान रोशनी से भर गया और माहौल किसी त्योहार से कम नहीं लग रहा था। लोगों का कहना है कि भारत की यह जीत केवल खेल की जीत नहीं बल्कि पूरे देश की भावना और गर्व की जीत है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने जिस तरह शानदार प्रदर्शन किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
आपको बता दें कि आज का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है। भारतीय टीम ने जिस तरह से बड़ा लक्ष्य खड़ा किया और फिर न्यूजीलैंड को दबाव में लाकर मैच जीता, वह अद्भुत है। पत्थलगांव में युवाओं का जोश देखकर लगता है जैसे पूरा शहर एक परिवार बनकर जश्न मना रहा है। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, सभी सड़कों पर निकल आए। बाइक रैली निकालकर अपनी खुशी जाहिर की। यह जीत किसी त्योहार से कम नहीं है। आज हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।
वहीं सुनील गर्ग ने कहा कि भारतीय टीम ने हमें गर्व का मौका दिया है। जब आखिरी विकेट गिरा तो हमारी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पूरे शहर में जिस तरह लोग तिरंगा लेकर जश्न मना रहे हैं, वह बेहद भावुक कर देने वाला पल है। हम चाहते हैं कि भारत आगे भी इसी तरह जीत हासिल करता रहे। भारत की इस शानदार जीत ने न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों को खुशी से भर दिया है बल्कि छोटे-छोटे शहरों तक देशभक्ति की भावना को और मजबूत कर दिया है। उन्होंने कहा पत्थलगांव में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। ढोल की थाप, आतिशबाजी की चमक और भारत माता की जय के नारों के बीच लोगों ने इस ऐतिहासिक जीत को यादगार बना दिया।






