पत्थलगांव(दिपेश रोहिला)। भारतीय राजनीति के प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती गुरुवार को पत्थलगांव में बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक निवास कार्यालय में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके विचारों को स्मरण किया। कार्यकर्ताओं के जोशीले नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और वातावरण उत्साह से भर गया।
माल्यार्पण कार्यक्रम के पश्चात समस्त कार्यकर्ता पदाधिकारियों ने ठाकुर शोभासिंह महाविद्यालय पहुंचकर वृहद स्तर पर छायादार एवं फलदार वृक्षारोपण किया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज पूरे विश्व में शिखर पर पहुंच चुकी है और यह पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे विचारकों की प्रेरणा से ही संभव हो पाया है।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र की चर्चा करते हुए कहा कि वे एक समर्पित राष्ट्रवादी विचारक और राजनीतिज्ञ थे, जिन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक से लेकर भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष तक अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत देकर समाज के हर वर्ग तक भारतीय संस्कृति और विचारधारा का संदेश पहुंचाया। राजनीति के साथ-साथ उनका योगदान साहित्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय रहा। सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य पर आधारित उनका नाटक “सम्राट चंद्रगुप्त” आज भी लोगों को प्रेरणा देता है।
उक्त कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री सुनील गर्ग, नरेश यादव, संजय लोहिया, अवधेश गुप्ता, संयोजक भुनेश्वरी बेहरा, सह संयोजक शिला गुप्ता, सहयोगी सुरेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिंह, रूपसिंह राठिया, हिमांशु शर्मा, पार्षद हीरालाल टोप्पो, पार्षद ममता यादव, पार्षद विमला बेक,कविता नारंगे, सौरभ शर्मा, भवानी शर्मा, नवीन यादव, रेवा धीवर, महिला मोर्चा से भारती शर्मा, फूलो पन्ना, सलमी निकुंज, यशोदा यादव (गुड़िया),पूनम मिश्रा,शारदा देशमुख सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। महाविद्यालय में वृक्षारोपण के दौरान प्राचार्य बी के राय एवं समस्त आचार्य व छात्र छात्राएं शामिल रहे।











