नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ..पढ़ें पूरी खबर..

नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ..पढ़ें पूरी खबर..

Dipesh rohila
By -
0
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय से संबद्ध ठाकुर शोभसिंह शासकीय महाविद्यालय पत्थलगांव के तत्वावधान में ग्राम करंगाबहला में युवाओं ने संभाली सामाजिक बदलाव की कमान
पत्थलगांव(दिपेश रोहिला) । संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा से संबद्ध ठाकुर शोभसिंह शासकीय महाविद्यालय, पत्थलगांव के तत्वावधान में ग्राम पंचायत मुड़ापारा के आश्रित ग्राम करंगाबहला में “नशा मुक्त समाज” की युवा थीम पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर उत्साह और गरिमा के साथ प्रारंभ हुआ।

शिविर के प्रथम दिवस प्रातःकाल से ही राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं भूतपूर्व स्वयंसेवकों के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों द्वारा मंच व पंडाल की साफ-सफाई, साज-सज्जा एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रो. जे.के. भगत द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया, जिसके पश्चात स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना गीत प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.के. राय द्वारा फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी, स्वामी विवेकानंद एवं संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा के समक्ष दीप प्रज्वलन व प्रतिमा पूजन किया गया। कुमारी कौशलिया नाग एवं साथियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम ग्राम करंगाबहला के गणमान्य नागरिकों, महाविद्यालय के स्टाफ, भूतपूर्व एवं वर्तमान स्वयंसेवकों की गरिमामय उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. जे.के. भगत ने की, वहीं मंच संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. टी.आर. पाटले द्वारा किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में स्वागत गीत के साथ सुआ नृत्य, कर्मा नृत्य एवं पंथी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. बी.के. राय ने युवाओं से समाज में फैल रही विसंगतियों एवं नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को आगे आकर समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक व शिक्षित करने की जिम्मेदारी निभानी होगी, तभी एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर महाविद्यालय से नीलम कुमार मंडावी, डॉ. कृष्णा कुमार पैकरा, सूर्यकांत पटेल, महेश यादव सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं ग्राम करंगाबहला के युवा समूह अध्यक्ष देवानंद बारीक, शिक्षक युधिष्ठिर बारीक, जगेश्वर बारीक, भुनेश्वर बारीक, भूतपूर्व स्वयंसेवक कैलाश यादव, खिरोधर यादव, स्वतंत्रता बाई, धनश्याम यादव, दीपक बंजारा, ईश्वर राठिया, अनसीन राठिया, कुलदीप यादव, दुर्योधन यादव, अनित नाग, कैलाश यादव, मंजिला, शशिकला, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

शिविर के माध्यम से आगामी सात दिनों तक नशा मुक्ति, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)