जशपुर (दिपेश रोहिला) । जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में शनिवार को माहौल कुछ अलग ही था—जहां रोशनी, उत्साह और जागरूकता का संगम दिखाई दिया। यहां साइबर अपराध जैसे गंभीर विषय पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म "ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर" का भव्य शुभारंभ पर्दे पर हुआ, इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों में एक गहरा संदेश छोड़ दिया।
विदित हो कि एसएसपी शशि मोहन सिंह समाज के ज्वलंत मुद्दों पर लगातार शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने जशपुर में रहते हुए "कजरी" फिल्म का निर्माण किया था। राष्ट्रीय नाट्य मंचन की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर उन्होंने वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से "ख़ौफ़ - द डिजिटल वॉर" का निर्माण किया। {यह लिंक छूकर देखें– https://youtu.be/I980Qr-9YL8?feature=shared शॉर्ट फिल्म "ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर"}
इस मौके पर मुख्यअतिथि के तौर पर प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय और छत्तीसगढ़ पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, कलाकारों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने इसे यादगार बना दिया। इस फिल्म की सबसे खास बात यह रही कि इसे लिखा, निर्देशित और अभिनीत किया है शशि मोहन सिंह ने। समाज के ज्वलंत मुद्दों को फिल्मों के जरिए लोगों तक पहुंचाने का उनका प्रयास एक बार फिर सराहा गया।
“ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक चेतावनी—एक आईना
इस फिल्म में आज के डिजिटल युग के खतरों को बेहद प्रभावी ढंग से दिखाया गया है। फिल्म में साइबर अपराधियों के नए-नए हथकंडों को दर्शाते हुए यह बताया गया है कि कैसे एक आम व्यक्ति भी इनका शिकार बन सकता है। इस फिल्म में ऋभु समर्थ सिंह सहित स्थानीय कलाकार प्रवीण अग्रवाल, कुंदन सिंह, वंशिका गुप्ता, लायरा जैन और राम प्रकाश पाण्डेय ने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि जशपुर की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं। {यह लिंक छूकर देखें– https://youtu.be/I980Qr-9YL8?feature=shared शॉर्ट फिल्म "ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर"}
इस मौके पर फिल्म विमोचन के बाद मुख्यअतिथि श्रीमती कौशल्या देवी साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि यह फिल्म समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल है और साइबर फ्रॉड के खिलाफ लोगों को जागरूक करने में मील का पत्थर साबित होगी। वहीं पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संदेशों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार जरूरी है, आगे उन्होंने कहा कि फिल्म के जागरूकता संदेशों का सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों के प्रति जागरूक हो सकें।
इस अवसर पर राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के प्रमुख डॉ. आनंद पाण्डेय ने बताया कि एसएसपी शशि मोहन सिंह और मेरे द्वारा इस नाटक के महोत्सव की परिकल्पना की गई थी। इस आयोजन को स्थानीय कलाकारों के लिए एक सुनहरा मंच बताया और “जशरंग महोत्सव” को आगे भी जारी रखने की बात कही गई। कार्यक्रम में जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार, श्रीमती अनामिका नंदे, श्रीमती गीतांजलि व्यास, श्रीमती रेखा सिंह, नितिन राय, राजू गुप्ता, महिला समूह "सजल ग्रुप" की महिलाएं सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:–"फिल्म को लेकर लोगों की अच्छी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। फिल्म का उद्देश्य साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना है। लोग इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और इसका प्रचार-प्रसार करें, ताकि फिल्म का उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सके।"
{यह लिंक छूकर देखें– https://youtu.be/I980Qr-9YL8?feature=shared शॉर्ट फिल्म "ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर"}






