पत्थलगांव(दिपेश रोहिला)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा संचालित “स्पेस ऑन व्हील” कार्यक्रम के तहत पत्थलगांव में एक अनोखी वैज्ञानिक पहल देखने को मिली। इस विशेष वाहन के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान और भारत के वर्तमान अंतरिक्ष कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें अंतरिक्ष के रहस्यों से अवगत कराना है।
जशपुर जिले में इस कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर पत्थलगांव में वाहन के आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नित्यानंद साय छत्तर, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जगन्नाथ पाढ़ी सहित 46 संकुल समन्वयकों की उपस्थिति रही। नगरवासियों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस अनूठे कार्यक्रम की जानकारी ली और इसकी सराहना की।
“स्पेस ऑन व्हील” वाहन में अंतरिक्ष से संबंधित विभिन्न मॉडल, चित्र और जानकारी उपलब्ध कराई गई है, जिससे छात्र सरल और रोचक तरीके से सीख पा रहे हैं। यह कार्यक्रम जिले के विभिन्न विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर आयोजित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें।
यह संपूर्ण कार्यक्रम जिला कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं वि.खं. शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य ने कहा कि निश्चित ही यह कार्यक्रम बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध होगा और भविष्य में उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

